मप्र में बौछारें पड़ना जारी

भोपाल, 14 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में शनिवार सुबह से बौछारों का दौर जारी है।

राज्य में शनिवार सुबह सुहावनी रही, आसमान पर छाए बादलों के साथ जारी बौछारें गर्मी से राहत देने वाली रहीं। मानसूनी बारिश के बावजूद उमस का असर फिर भी बना हुआ है।

राज्य के अधिकांश हिस्सों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से कम हो गया है। बीते 24 घंटों के दौरान सीधी जिले में जोरदार बारिश हुई, जहां 179.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य के कई हिस्सों में आगामी 24 घंटों में सामान्य से लेकर भारी बारिश तक हो सकती है।

राज्य में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। शनिवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री, इंदौर का 23 डिग्री, ग्वालियर का 25 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, शुक्रवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री, इंदौर का 29 डिग्री, ग्वालियर का 34.2 डिग्री और जबलपुर का 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493