भोपाल, 20 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व भले ही ‘कैशलेस’ का राग अलाप रहा हो, मगर मध्यप्रदेश की राज्य इकाई पं दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि 11 फरवरी को 11 करोड़ रुपये की आजीवन सहयोग निधि (चंदा) जुटाने के लिए नकद राशि (कैश) लेने में परहेज नहीं करेगी।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला कोषाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और आजीवन सहयोग निधि प्रभारियों की बैठक में राज्य के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा, “शुचितापूर्ण राजनीति भाजपा की पहचान है। यह शुचिता संगठन के हर क्षेत्र में दिखाई दे, इसलिए आर्थिक क्षेत्र में समाज आधारित व्यवस्था लाने के लिए स्व़ कुशाभाऊ ठाकरे ने आजीवन सहयोग निधि की व्यवस्था की। इसी योजना के तहत पं़ दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि 11 फरवरी को समर्पण दिवस पर इस निधि का संकलन किया जाएगा।”
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौहान ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया, “इस बार निधि संकलन में डिजिटल या चेक के द्वारा दान प्राप्त किया जाए। अत्यावश्यक होने पर ही दान में नकद राशि ली जाए। ऐसा करने से हम संगठन के स्तर पर भी कैशलेस अर्थव्यवस्था के संवाहक तो बनेंगे ही, साथ ही आर्थिक शुचिता की दिशा में भी यह मील का पत्थर साबित होगा।”
प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कहा, “आपाधापी के युग में जहां दीगर राजनीतिक दल औद्योगिक घरानों, कार्पोरेट की राजनीति कर रहे हैं और जनता का हित उपेक्षित हो रहा है।”
केंद्रीय कार्यालय (दिल्ली) से आईं लेखा विशेषज्ञ वैणी थापर ने बताया, “प्रधानमंत्री के विमुद्रीकरण की पहल के पीछे मुख्य उद्देश्य कालेधन पर प्रहार करना और लेखा-जोखा में पारदर्शिता लाना है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए पार्टी ने पैन नंबर दिया है। सभी प्रदेश इकाइयों से जिले में पार्टी के नाम से एक ही खाता रखने की आवश्यकता रेखांकित की गई है।”
प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जिले के पदाधिकारियों को अगले साल का बजट समय रहते तैयार करने का आग्रह किया और कहा कि चंदा लेते समय पारदर्शिता हो, इसलिए आवश्यक है कि चेक के माध्यम से लिया जाए।
dharmpath.com dharmpath