मप्र में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेता के पुतले जलाए

भोपाल, 27 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक गोविंद सिंह राजपूत द्वारा भाजपा की महिला विधायक पारुल साहू पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में राजधानी सहित अन्य स्थानों पर महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किए। पूर्व विधायक के पुतले का बोर्ड ऑफिस चौराहे पर दहन किया गया। साथ ही मांग की गई कि वह सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें।

राजधानी के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर बुधवार को आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पार्टी की प्रदेश मंत्री एवं मोर्चा की प्रदेश प्रभारी कृष्णा गौर ने कहा कि जिस देश में नारियों का आदर किया जाता है, देवताओं की तरह पूजा जाता है, उस देश में कांग्रेस नेता नारी का मान मर्दन करने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “जनता द्वारा चुनी हुई विधायक पारुल साहू के प्रति कांग्रेस के पूर्व विधायक गोविंद राजपूत अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी करते हैं, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। राजपूत कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी हैं और उनकी दूषित मानसिकता ने कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया है।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति हमेशा महिलाओं का अपमान करने की रही है, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण सरला मिश्रा हत्याकांड और नैना साहनी हत्याकांड है, जिसे देश की जनता भूल नहीं सकती।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लता ऐलकर ने कहा, “कांग्रेस नेता गोविंद राजपूत की टिप्पणी लज्जाजनक है। इससे कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता उजागर हुई है। कांग्रेस नेता लगातार महिलाओं का अपमान कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व इस पर मौन है।”

उन्होंने मांग की है कि कांग्रेस पार्टी गोविंद राजपूत पर कार्यवाही कर, सार्वजनिक तौर पर विधायक पारूल साहू से माफी मांगे, अन्यथा महिला मोर्चा उनका विरोध जारी रखेगा। राजधानी सहित जिला स्तर पर भी प्रदर्शन कर गोविंद राजपूत के पुतलों का दहन किया गया।

उल्लेखनीय है कि गोविंद राजपूत ने कुछ दिनों पूर्व एक कार्यक्रम में साहू को दारू वाली विधायक कहा था। साहू के पिता शराब के बड़े कारोबारी हैं। राजपूत पिछले विधानसभा चुनाव में सुरखी सीट से साहू के हाथों पराजित हो गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493