मप्र में भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ हकीकत में बदलेगी : भाजपा

भोपाल, 6 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के मध्यप्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार रोकने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किए जा रहे प्रयासों से भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की घोषणा हकीकत में बदलेगी।

नंदकुमार ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा, “प्रशासकीय स्तर पर भ्रष्टाचार का कलंक न लगे, इसकी संयुक्त जिम्मेदारी मुख्यमंत्री ने मंत्री से लेकर सचिवों तक पर डाली है। इसका अपेक्षित नतीजा आएगा और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की घोषणा हकीकत में बदलेगी।”

ज्ञात हो कि भाजपा ने संकल्पपत्र में भी भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की बात कही थी, ताकि व्यापमं घोटाले का दाग थोड़ा हल्का पड़ सके।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री चौहान ने वर्ष 2017 की अपनी प्रतिबद्धताएं सार्वजनिक कर दी है। प्रशासन में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस और प्रशासन की धुरी संकल्पपत्र-2013 रहेगा। इस संकल्पपत्र के लिए ही जनता का जनादेश मिला था, सरकार ने अधिकांश संकल्पों को पूरा कर दिया है। साथ ही कई अभी प्रक्रियाधीन है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लोक सेवा गारंटी योजना के दायरे में प्रशासकीय विभागों को लाया जा चुका है, जिससे आवश्यक कार्य तय समय-सीमा में निपटाए जाने से जहां निचले स्तर पर होने वाले भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है, वहीं जनता को सुकून मिला है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493