मप्र में मंत्रियों के कामकाज की तिमाही समीक्षा होगी : चौहान

भोपाल, 1 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद शुक्रवार को हुई इसकी पहली बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मंत्रियों को बेहतर कार्य करने की सख्त हिदायत देते हुए कहा कि उनके कामकाज की तिमाही समीक्षा होगी।

मंत्रिमंडल की बैठक में चौहान ने नौ नए मंत्रियों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे अपना काम पूरी ईमानदारी से करेंगे। सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री चौहान ने सभी मंत्रियो से कहा कि उन्हें हर तीन माह में अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट देनी होगी और उनके कार्य निष्पादन की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही मंत्रियों को महीने में दो दिन अपने प्रभार वाले जिलों में रहने का आदेश भी दिया गया है। इस दौरान वे जिले के विकास कार्यो की समीक्षा करेंगे।

ज्ञात हो कि राज्य में सभी मंत्रियों को एक से अधिक जिलों का प्रभार दिया गया था। गत ढाई साल में बड़ी तादाद में इस बात की शिकायतें मिलीं कि मंत्री अपने प्रभार वाले जिले में नहीं जाते हैं।

मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बैठक में मंत्रियों से कहा कि वे अच्छा काम करें। प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता के हित में काम करना सरकार की जिम्मेदारी है। किसी का कोई व्यक्तिगत एजेंडा नहीं होना चाहिए। साथ ही नवनियुक्त मंत्रियों को हिदायत दी कि वे स्वागत सत्कार के समय इस बात का ध्यान रखें कि कहीं कोई असामाजिक तत्व उनके साथ तस्वीरें खिंचवाकर अपना स्वार्थ न साध ले।

मुख्मयंत्री ने बैठक में कहा कि राज्य मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार भी दिए जा सकते हैं। जिन मंत्रियों के पास अधिक विभाग हैं उनके विभागों की संख्या में कटौती की जाएगी। सभी मंत्रियों को अपनी जिम्मेदारी बेहतर तरीके से निभानी होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493