भोपाल, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए श्रमोदय विद्यालय बनाए जा रहे हैं। ये विद्यालय भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में बनाए जा रहे हैं।
यह जानकारी बुधवार को श्रम विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठक में श्रम मंत्री अतंर सिंह आर्य ने दी। उन्होंने बताया कि देश में पहली बार निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए श्रमोदय विद्यालय बनाए जा रहे हैं। भोपाल में श्रमोदय विद्यालय भवन का निर्माण शुरू हो चुका है। इंदौर में निविदा और ग्वालियर में प्रशासकीय स्वीकृति जारी हो चुकी है। हर विद्यालय की निर्माण पर लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
बैठक में बताया गया कि केन्द्र सरकार ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए भी ईएसआई अस्पताल खोलने का निर्णय लिया गया है, जिसका लाभ प्रदेश के श्रमिकों को भी मिलेगा। छिंदवाड़ा जिले के गोरेगांव, पाण्ढुर्ना तथा सौंसर, दामोह, खरगोन जिले के निमरानी, सीधी जिले के सिंगरौली और सागर जिले के बीना में कर्मचारी राज्य बीमा की डिस्पेंसरी खोली जाएगी, जिसकी प्रक्रिया जारी है।
योजना लागू होने से इन इलाकों के 16 हजार 648 श्रमिक और उनके परिजन को चिकित्सा लाभ मिलेगा। बीमा अस्पतालों में चिकित्सकों के रिक्त पदों पर 28 से 31 दिसम्बर तक भर्ती होगी।
dharmpath.com dharmpath