मप्र में मानसून की दस्तक, तापमान में गिरावट

भोपाल, 15 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार सुबह घने बादल छाए हैं। राज्य में रविवार को मानसून की दस्तक के साथ ही कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में मानसून के पूरे प्रदेश पर मेहरबान होने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने रविवार को राज्य के इंदौर व होशंगाबाद संभागों के सभी जिलों में उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं उज्जैन व जबलपुर में मानसून आंशिक रूप से दाखिल हुआ।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक आर.आर. त्रिपाठी ने आईएएनएस को बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी, दोनों ओर से मानसून ने राज्य में एक साथ उपस्थिति दर्ज कराई है। मानसून की दस्तक के कारण रविवार को सिंगरौली, नीमच, शाजापुर, देवास आदि जगहों पर बारिश हुई। सोमवार को भी कई इलाकों में बदली छाई हुई है।

मानसून की दस्तक से मध्य प्रदेश के तापमान में गिरावट आई है, लेकिन उमस बनी हुई है। राजधानी भोपाल में सोमवार को न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री, इंदौर में 21.5 डिग्री, ग्वालियर में 24 डिग्री और जबलपुर में 25.4 डिगी सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रविवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री, इंदौर में 33 डिग्री, ग्वालियर में 38 डिग्री और जबलपुर में 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493