खंडवा, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के मोघट थाने में एक युवक के कथित तौर पर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक के परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए थाने और अस्पताल में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
विनय धारू को सोमवार को एक महिला की शिकायत पर पूछताछ के लिए मोघट थाने बुलाया गया था। युवक ने मंगलवार सुबह थाने में कथित तौर पर अपनी कमीज से फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
थाना पुलिस का कहना है कि युवक ने फांसी लगा ली। उसे फंदे से झूलता देख फौरन नीचे उतारा गया और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
वहीं, परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने विनय को प्रताड़ना दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक एम.एस. सिकरवाड़ ने मीडिया को बताया कि युवक की मौत की जांच होगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath