भोपाल, 15 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में सोमवार को हषरेल्लास व उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के नौजवानों को रोजगार की बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए ‘रोजगार कैबिनेट’ बनाने का ऐलान किया है।
भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में शिवराज ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने राज्य के नाम अपने संदेश में कहा कि नौजवानों को रोजगार की बेहतर सुविधा देने के मकसद से ‘रोजगार कैबिनेट’ बनाई जाएगी।
यह कैबिनेट रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में अहम काम करेगी। इसके साथ ही एक स्थान पर रोजगार के अवसर की समग्र जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य तेजी से बदल रहा है। देश और दुनिया में राज्य की छवि बदल रही है। पहले राज्य की गिनती पिछड़े और गरीब राज्य के तौर पर होती थी, मगर अब ऐसा नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य में सड़कों का जाल बिछ रहा है। अंधेरे का कलंक मिट गया है, 24 घंटे बिजली दी जा रही है।
यही कारण है कि राज्य की विकास दर 10 प्रतिशत से ऊपर और कृषि दर 20 प्रतिशत के आसपास है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्मार्ट शहर के साथ स्मार्ट गांव भी बनाए जाएंगे। इन गांवों में वे सारी सुविधाएं होंगी, जो आम आदमी की जरूरत है। यहां सड़कों, बिजली, विद्यालयों, आंगनवाड़ी से लेकर शुद्घ जल की सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने आगामी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हर गांव को सड़क से जोड़ा जाएगा। हर खेत को पानी मिले, इसके प्रयास होंगे। हर बच्चे को शिक्षा और हर परिवार को स्वास्थ्य सेवा दिलाने के प्रयास होंगे। राज्य में कोई भी व्यक्ति बगैर जमीन के नहीं रहेगा।
उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए कहा कि राज्य में बिजली का उत्पादन बढ़ा है। सिंचाई क्षमता साढ़े सात लाख हेक्टेयर से बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हो चुकी है। नदियों को जोड़ा जा रहा है। अभी नर्मदा नदी का जल क्षिप्रा में लाया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि राज्य में उपलब्ध सुविधाओं का ही नतीजा है कि राज्य की ओर निवेशकों का आकर्षण बढ़ा है। इसी का नतीजा है कि इंदौर में ‘इंवेस्टर सम्मिट’ के बाद राज्य में ढाई लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है।
dharmpath.com dharmpath