मप्र में शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन

भोपाल, 13 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में शुक्रवार की सुबह शीतलहर के कारण ठिठुरन भरी रही, वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में शीतलहर के साथ कोहरे का असर बने रहने की संभावना जताई है।

राज्य में शुक्रवार की सुबह भी शीतलहर और कोहरे का असर बना रहा, दिन चढ़ने के साथ खिली धूप ने ठिठुरन से राहत दिलाई, तो हवाओं ने सिहरन पैदा की। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से राज्य में शीतलहर का असर बना हुआ है और तापमान में गिरावट आई है। राज्य के बड़े हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, भोपाल, शहडोल संभागों में ठंड का जोर और बढ़ेगा, वहीं कई स्थानों पर कोहरा भी छाएगा।

राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 6.3 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का चार डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 19.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 19.3 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 19़1 डिग्री सेल्सियस रहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493