भोपाल, 22 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रविवार सुबह हल्के बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में धुंध व कोहरा छाने की संभावना जताई है।
राज्य में रविवार सुबह धुंध छाने के साथ आसमान पर हल्के बादलों का डेरा रहा, जिससे चटख धूप नहीं निकली और ठंड का असर बना रहा। वहीं बीच-बीच में चलने वाली हवाओं ने सिहरन पैदा की। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों के तापमान में उछाल दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों के दौरान रीवा संभाग के अलावा मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना आदि जिलों में धुंध रह सकती है।
राज्य के तापमान में बदलाव का क्रम जारी है। रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री, इंदौर का 14.6 डिग्री, ग्वालियर का नौ डिग्री और जबलपुर का 12़ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री, इंदौर का 28.6 डिग्री, ग्वालियर का 24.8 डिग्री और जबलपुर का 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath