मप्र में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने दी आत्मदाह की चेतावनी

भोपाल, 10 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों के साथ हुए समझौते के बाद भी जिगित्सा हेल्थ केयर कंपनी द्वारा मांगों पर अमल किए जाने की बजाय जबरदस्ती शपथ-पत्र भरने पर ही काम पर लेने की शर्त से नाराज कर्मचारियों ने 15 मई को आत्मदाह की चेतावनी दी है।

उल्लेखनीय है कि काम के घंटे तय किए जाने और अन्य राज्य के कर्मचारियों की तरह वेतन दिए जाने की मांग को लेकर 108 एंबुलेंस के कर्मचारी 26 अप्रैल से 6 मई तक हड़ताल पर रहे और उन्होंने यहां के ईदगाह मैदान में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद सहायक श्रमायुक्त की मौजूदगी में जिगित्सा हेल्थ केयर से तीन चरणों में बातचीत की गई।

मप्र 108 एंबुलेंस कर्मचारी संघ के मीडिया प्रभारी असलम खान ने बुधवार को आईएएनएस से कहा कि सहायक श्रमायुक्त की मौजूदगी में जिगित्सा हेल्थ केयर कंपनी ने काम के घंटे तय कर अन्य मांगें मानने का आश्वासन दिया, जिस पर कर्मचारियों ने सात मई को काम पर लौटने का निर्णय लिया। लेकिन जब कर्मचारी काम पर पहुंचे तो कंपनी ने एक शपथ पत्र भरने की शर्त रखी, जिसे कर्मचारियों ने नहीं माना। सहायक श्रमायुक्त ने भी कंपनी को कार्रवाई की चेतावनी दी है, उसके बाद भी कंपनी अपनी मनमानी पर अड़ी हुई है।

खान के मुताबिक, सभी कर्मचारी जेपी अस्पताल में जुटे हैं, लेकिन कंपनी उन्हें काम पर नहीं ले रही है। कर्मचारियों ने निर्णय लिया है कि अगर 14 मई तक उनकी शर्ते मानते हुए काम पर नहीं लिया तो वे 15 मई को आत्मदाह कर लेंगे।

गौरतलब है कि राज्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 108 एंबुलेंस सेवा के संचालन की जिम्मेदारी जिगित्सा हेल्थ केयर कंपनी को दी गई है। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी उनसे आठ घंटे की बजाय 12 घंटे काम कराती है और अन्य राज्यों के मुकाबले बहुत कम वेतन देती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493