खरगोन, 4 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खरगेान जिले में एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। चारों के शव कुएं से निकाल लिए गए हैं। आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है।
भीकनगांव थाने के प्रभारी पी. एस. यादव ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि सुंद्रेल निवासी मोहन भील की पत्नी किरण (27 वर्ष) अपने तीन बच्चों के साथ मंगलवार की दोपहर घर से निकली थी, जब देर शाम तक नहीं लौटी तो उसकी खोजबीन शुरू हुई। इस दौरान खेत में बने एक कुएं में शव नजर आए। देर रात तक चली कोशिश में किरण और उसके एक बच्चे विक्की (4) के शव निकाल लिए गए।
यादव ने बताया कि बुधवार सुबह उसी कुएं से बादल (8) और दुर्गाराम (2) के शव बरामद किए गए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
dharmpath.com dharmpath