मप्र में 4 महिलाओं की चोटी व 1 युवक के बाल कटे

शिवपुरी/श्योपुर/मुरैना 3 अगस्त (आईएएनएस)। देश के भाजपा शासित राज्यों- राजस्थान, हरियाणा और हरियाणा से सटे दिल्ली के एक इलाके में महिलाओं की चोटी काटे जाने के बाद अब मध्यप्रदेश का चंबल इलाका भी इस तरह की अजीब घटनाओं को लेकर चर्चा में है। यहां चार महिलाओं की चोटी तो कटी ही, एक युवक के बाल भी कट गए और इन सबको अहसास ही नहीं हुआ।

प्रदेश के शिवपुरी जिले में दो महिलाओं की चोटी और एक युवक के बाल कट गए और तीनों ही उससे अनजान बने रहे। उन्हें पता तब चला, जब उन्होंने अपने सिर पर हाथ फेरा। गुरुवार को बैराड़ थाना क्षेत्र की गायत्री कॉलोनी में रहने वाली रिंकी तोमर टीवी देख रही थी, तभी उसकी चोटी कट गई।

महिला ने बताया कि वह दोपहर में अपने पति हमीद तोमर के साथ टीवी देख रही थी, इसी दौरान पति किसी से फोन पर बात करने लगे। उसी दौरान उसे लगा कि कोई उसकी साड़ी खींच रहा है, मुड़कर देखा तो चोटी कटी पड़ी थी।

एक अन्य मामला इसी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी सोने राम जाटव (30) का है। वह घर में सो रहा था, जब वह सोकर उठा तो देखा कि उसके बाल कटे हुए हैं। इसके अलावा शिवपुरी शहर के वार्ड सात स्थित रामबाग कॉलोनी में भी एक वृद्ध महिला गिरिजा पत्नी शंभू पाराशर की चोटी कट गई।

उसने बताया कि वह घर में अकेली थी, तभी दरवाजा खटखटाने की आवाज पर वह बाहर आई तो एक लंबे अजनबी व्यक्ति को देखते ही वह बेहोश हो गई। बाद में इस महिला को जब होश आया, तो इसकी चोटी कटी हुई पाई गई।

चंबल इलाके के श्योपुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के सलावद गांव में मंगभर बाई की बीती रात चोटी काट दी गई।

थाना प्रभारी अवतार सिंह भदौरिया के मुताबिक, महिला के शरीर पर चोट के निशान भी हैं, इसलिए आशंका है कि किसी ने हमला कर चोटी काटी होगी, मगर महिला कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।

इसी तरह मुरैना जिले के कैलारस थाना क्षेत्र गुड्डी जाटव नामक महिला की दो दिन पहले चोटी कट गई। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओ,पी) गुरुवचन सिंह ने बताया कि चोटी कटने के साथ महिला की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493