भोपाल, 28 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव में राष्ट्रीय समानता दल की राज्य इकाई ने कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करने से इनकार किया है।
समानता दल के प्रदेशाध्यक्ष महेश कुशवाहा ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा है कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने मैहर उपचुनाव में समानता दल का समर्थन हासिल होने की बात कही है, जो सत्य से परे है। ऐसा इसलिए, क्योंकि उनके दल की कांग्रेस से कोई चर्चा नहीं हुई है। उनका कहना है कि उनके दल का इस उपचुनाव में क्या रुख होगा, यह आगे तय किया जाएगा।
ज्ञात हो कि राज्य में समानता दल, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी सहित छह दलों का एक गठबंधन है। इस गठबंधन ने मिलकर रतलाम-झाबुआ का लोकसभा उपचुनाव भी लड़ा था। मैहर विधानसभा उपचुनाव में गठबंधन ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को उम्मीदवार खड़ा करना था, मगर इस पार्टी ने गठबंधन से चर्चा किए बगैर उम्मीदवार को नहीं उतारा और कांग्रेस को समर्थन दिया।
dharmpath.com dharmpath