मप्र : रतनगढ़ मंदिर में चढ़ाया गया 21 क्विंटल का घंटा

दतिया, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित रतनगढ़ माता के मंदिर पर देश का सबसे वजनी घंटा (ध्वनि-यंत्र) शुक्रवार को चढ़ाया गया। विशेष पूजा अर्चना के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सपत्नीक (साधना सिंह) इस घंटे को अर्पित किया।

मंदिर पर अर्पित किया गया अनूठा एवं आकर्षक घंटा लगभग 21 क्विंटल वजनी है। देश के किसी भी मंदिर में स्थापित यह सबसे बड़ा घंटा बताया जा रहा है। यह घंटा मंदिर में अब तक चढ़ाए गए श्रद्घालुओं के छोटे-छोटे घंटों को मिलाकर बनाया गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार घंटे को टांगने के लिए लगाए गए एंगल व उन पर मढ़ी गई पीतल और घंटे के वजन को जोड़कर कुल वजन लगभग 50 क्विंटल होता है। इस घंटे को प्रख्यात मूर्ति शिल्पज्ञ प्रभात राय ने तैयार किया है। घंटे से मधुर ध्वनि पैदा हो, इसके लिए इसमें टिन धातु का उपयोग विशेष रूप से किया गया है। घंटे के निर्माण में 55 प्रतिशत से अधिक तांबा और 35 प्रतिशत के लगभग जिंक तथा अन्य धातुओं का उपयोग किया गया है।

इस बड़े घंटे में उन श्रद्घालुओं व भक्तजनों के अंश व आस्थाएं शामिल हैं, जो पहले मंदिर में छोटे-छोटे घंटे चढ़ाकर गए हैं। इन छोटे-छोटे घंटों को गलाकर इस बड़े घंटे को तैयार किया गया है। इस घंटा की उंचाई लगभग छह फुट और गोलाई 13 फुट बताई गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493