भोपाल, 30 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की रिक्त हुई एक सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के तौर पर एल. गणेशन ने शुक्रवार को निर्वाचन अधिकारी ए. पी. सिंह के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।
उल्लेखनीय है कि राज्यसभा सदस्य डॉ. नजमा हेपतुल्ला के इस्तीफे के कारण यह सीट रिक्त हुई है। उनका कार्यकाल दो अप्रैल, 2018 तक था। लिहाजा रिक्त सीट के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है।
भाजपा के घोषित उम्मीदवार गणेशन का नामांकन दाखिल कराने शुक्रवार को राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, सरकार के कई मंत्री व पदाधिकारी विधानसभा पहुंचे। गणेशन मूल रूप से तामिलनाडु के निवासी हैं और भाजपा के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।
राज्यसभा की इस सीट के उपचुनाव के लिए 26 सितम्बर को अधिसूचना जारी हुई थी, नामांकन-पत्र तीन अक्टूबर तक दाखिल किए जाएंगे। नामांकन-पत्रों की जांच चार अक्टूबर को होगी और नाम वापसी के लिए छह अक्टूबर निर्धारित है। मतदान 17 अक्टूबर को होना है। परिणाम उसी दिन आ जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath