भोपाल, 3 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राज्यसभा की तीन सीटों के लिए मतदान यहां 11 जून को होना तय हो गया है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन शुक्रवार को किसी भी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया, जिसके कारण मतदान आवश्यक हो गया है।
विधानसभा के सूचना अधिकारी मुकेश मिश्रा ने कहा, “शुक्रवार को नाम वापसी का दिन था, मगर नामांकन किसी ने वापस नहीं लिया है। राज्यसभा द्विवार्षिक निर्वाचन, 2016 के अंतर्गत रिक्त तीन सीटों के लिए चार उम्मीदवार हैं, जिनमें से दो भारतीय जनता पार्टी एवं एक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। एक उम्मीदवार निर्दलीय है। मतदान 11 जून को प्रात: नौ बजे से सायं चार बजे तक होगा।”
राज्यसभा के द्विवाíषक निर्वाचन में रिक्त तीन सीटों के लिए पांच अभ्याíथयों ने नामांकन-पत्र प्रस्तुत किए थे।
संवीक्षा के दौरान भाजपा उम्मीदवार अनिल माधव दवे और एम. जे. अकबर, कांग्रेस के उम्मीदवार विवेक कृष्ण तंखा तथा निर्दलीय उम्मीदवार विनोद के नामांकन-पत्र विधि मान्य पाए गए थ़े, जबकि एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी शशि स्टोला का नामांकन रद्द कर दिया गया था।
राज्य से राज्यसभा के तीन सदस्यों का निर्वाचन होना है, एक उम्मीदवार की जीत के लिए 58 विधायकों का समर्थन आवश्यक है। राज्य विधानसभा में कुल 230 विधायक है, इनमें से भाजपा के 166 विधायक (विधानसभाध्यक्ष सहित) हैं।
इस तरह भाजपा के दो उम्मीदवारों -अनिल माधव दवे व एम. जे. अकबर- की जीत तय है और तीसरी सीट जीतने के लिए उसे आठ विधायकों के समर्थन की जरूरत है। जबकि कांग्रेस के पास 57 विधायक हैं और उसे एक वोट की जरूरत है। विधानसभा में चार विधायक बहुजन समाज पार्टी के और तीन निर्दलीय विधायक हैं।
dharmpath.com dharmpath