मप्र : लोगों से शांति की शिवराज की अपील

भोपाल, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत बंद के दौरान मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल जिले में कई स्थानों पर भड़की हिंसा के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

एससी, एसटी (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति) अधिनियम का दुरुपयोग रोकने के लिए हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के विरोध में विभिन्न संगठनों ने दिनभर के भारत बंद का आह्वान किया था, जिसका मध्य प्रदेश में भी व्यापक असर नजर आ रहा है।

ग्वालियर, भिंड आदि स्थानों में आंदोलन हिंसक हो गया, जहां दो वर्ग आमने-सामने आ गए और पथराव के बीच वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। बंद के दौरान हिंसा में कई लोग जख्मी हुए, जिनमें सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं।

ग्वालियर-चंबल में भड़की हिंसा के बाद कई स्थानों पर कर्फ्यू लगाना पड़ा है। भिंड में हिंसा के दौरान एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेशवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया, “भारत सरकार ने आज सर्वोच्च न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दाखिल कर दी है। जनता से अनुरोध है कि कृपया शांति बनाए रखें। हमारी सरकार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्घ है।”

वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाकर हालात की समीक्षा की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493