भोपाल, 26 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा को विधायकों के नाम से उपाधि, पिता व पति के नाम हटाने के फैसले से पीछे हटना पड़ा है। अब उसने सिर्फ विधायकों के नाम के साथ जुड़े उपनाम ही हटाए हैं।
राज्य विधानसभा ने पूर्व में चार मंत्रियों सहित 27 विधायकों के नाम में बदलाव करने का फैसला किया था। तब तय किया गया था कि विधायकों के नामों के साथ जुड़ी उपाधियां, पिता व पति के नाम हटाए जाएंगे। विधानसभा में 27 ऐसे विधायक हैं, जो अपने नाम के साथ उपनाम, उपाधि, पिता व पति के नाम जोड़े हुए हैं।
विधानसभा सचिवालय ने एकरूपता का हवाला देते हुए 27 विधायकों के नाम में बदलाव का फैसला कर डाला था। इस फैसले के महज सात दिन बाद ही इसमें बदलाव किया गया है।
विधानसभा के प्रमुख सचिव भगवानदास इसरानी ने आईएएनएस से स्वीकार किया है कि सिर्फ सात विधायकों के नाम से उपनाम हटाए गए हैं।
विधानसभा के सूचना अधिकारी मुकेश मिश्रा द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार, विधायकों के नाम में एकरूपता की दृष्टि से सत्यपाल सिंह सिकरवार, पुष्पेंद्रनाथ पाठक, सुखेंद्र सिंह, सुशील कुमार तिवारी, दिनेश राय, योगेंद्र िंसंह तथा सुरेंद्र सिंह बघेल के नाम के साथ जुड़े उपनाम हटाए गए हैं।
पूर्व में जारी सूचना अब प्रभावी नहीं होगी।
पूर्व में किए गए फैसले के अनुसार, विधानसभा के दस्तावेजों में मंत्रिपरिषद के चार मंत्रियों कुवंर विजय शाह का नाम सिर्फ विजय शाह, गौरीशंकर चतुर्भुज बिसेन का नाम गौरीशंकर बिसेन, अंतर सिंह राघवजी आर्य का नाम सिर्फ अंतर सिंह आर्य और राज्यमंत्री दीपक कैलाश जोशी का नाम दीपक जोशी किया जाने वाला था। इसी तरह 23 अन्य विधायकों के नामों में बदलाव किए जाने थे।
dharmpath.com dharmpath