मप्र विधानसभा में गौर के तेवर तल्ख

भोपाल, 22 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में 70 पार उम्र के चलते मंत्री पद से हटाए गए पूर्व गृहमंत्री बाबूलाल गौर के तेवर अभी तक तल्ख हैं। शुक्रवार को तो उन्होंने विधानसभा में यहां तक कह दिया कि अगर वे नगरीय प्रशासन मंत्री होते तो अब तक भोपाल व इंदौर में मेट्रो ट्रेन चलने लगी होती।

विधानसभा में गौर ने शुक्रवार को ध्यानाकर्षण के जरिए मेट्रो ट्रेन की योजना का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लगभग छह-सात साल पहले इंदौर व भोपाल में मेट्रो रेल लाने की येाजना बनाई गई थी, मगर विभागीय लापरवाही के चलते इस योजना के क्रियान्वयन में अत्यधिक विलंब हुआ है। इस पर नगरीय प्रशासन मंत्री माया सिंह ने योजना को लेकर चल रही कोशिशों का हवाला दिया।

गौर ने सरकार के जवाब पर निराशा जताई और सरकार की सक्षमता पर सवाल उठाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि भोपाल के साथ लखनऊ व जयपुर में मेट्रो चलाने की योजना बनी थी, इसके लिए एक साथ काम भी शुरू हुआ। जयपुर में मेट्रो चलने लगी है, लखनऊ में चलने की तैयारी है, मगर भोपाल व इंदौर में काम की रफ्तार काफी धीमी है।

राज्य के पूर्व में नगरीय प्रशासन मंत्री रह चुके गौर ने कहा कि अगर वे मंत्री होते तो अब तक मेट्रो भोपाल में चलने लगी होती, मगर उन्हें तो गृह व जेल मंत्री बनाकर किनारे कर दिया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493