मप्र व देश में कानून का राज नहीं : वासनिक

भोपाल, 18 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक ने बुधवार को केंद्र और मध्य प्रदेश की सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दोनों जगहों पर कानून का शासन नहीं है।

भारतीय रिजर्व बैंक के दफ्तरों के सामने देशभर में कांग्रेस की ओर से आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम के क्रम में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदर्शन के दौरान वासनिक ने संवाददाताओं से कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। देश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और इसके खिलाफ कांग्रेस आवाज उठा रही है।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर प्रदेश की राजधानी में सोमवार को हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा की। कांग्रेस कार्यकर्ता कटनी हवालाकांड के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने घायल प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव के स्वास्थ्य की जानकारी अस्पताल जाकर ली। यादव पुलिस लाठीचार्ज के दौरान घायल हुए थे।

वासनिक ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे और पुलिस ने यादव पर क्रूरतापूर्वक हमला किया। यह कार्रवाई सरकार की कार्यप्रणाली और मंशा जाहिर करती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493