भोपाल, 6 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने डॉ. शशि कर्णावत को मध्य प्रदेश इकाई का महासचिव नियुक्त किया है। डॉ. कर्णावत भारतीय प्रशासनिक सेवा की पूर्व अधिकारी हैं, और उन्हें इसी साल सेवा से बर्खास्त किया गया था। कर्णावत पिछले दिनों कांग्रेस में शामिल हुई थीं। उनके परिवार का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से करीबी नाता रहा है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया की तरफ से जारी बयान के अनुसार, डॉ. कर्णावत को पार्टी की प्रदेश इकाई का महासचिव बनाया गया है। उन्हें अभी पार्टी ने किसी क्षेत्र की जिम्मेदारी नहीं सौंपी है। साथ उनसे कहा गया है कि वह प्रदेश इकाई से सामंजस्य बनाते हुए संगठन की मजबूती के लिए काम करें।
डॉ. कर्णावत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि वह पार्टी के लिए काम करेंगी, जो जिम्मेदारी आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दी जाएगी, उसका निर्वहन करेंगी।
आरक्षित वर्ग से नाता रखने वाली डॉ. कर्णावत का परिवार आरएसएस से जुड़ा रहा है। उनके नाना और पिता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे, साथ ही परिवार के कई सदस्य लोकतांत्रिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हैं। वे दतिया की शक्तिपीठ से दीक्षित हैं।
आईएएस रहीं डॉ. कर्णावत को पहले भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित किया गया था, और उसके बाद न्यायालय का फैसला आने पर राज्य सरकार ने उन्हें बर्खास्त कर दिया। डॉ. कर्णावत ने शिवराज सरकार के एक वरिष्ठ अफसर के खिलाफ मोर्चा खोला था, जिसके कारण सरकार ने उन्हें बर्खास्त करने की केंद्र सरकार से सिफारिश की थी।
dharmpath.com dharmpath