भोपाल, 11 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के गढ़ी में श्मशान घाट पर मृत दलित महिला का अंतिम संस्कार करने से रोके जाने के मामले की जांच के लिए कांग्रेस ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। यह कमेटी सात दिनों में अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।
मुरैना जिले के गढ़ी गांव में बुधवार को दलित परिवार के युवक बबलू को दबंगों ने श्मशान घाट पर अपनी पत्नी पूजा (25) का अंतिम संस्कार नहीं करने दिया, उसे विवश होकर अपने घर के बाहर यह क्रिया करनी पड़ी थी।
मप्र कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने गुरुवार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कमेटी का गठन किया। इस कमेटी में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम नेगरिया, माधव प्रसाद और मुरैना के जिलाध्यक्ष जे.पी. अमरदीप व कमलेश जाटव को सदस्य नियुक्त किया गया है।
कमेटी को और निर्देश दिया गया है कि वह घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करे और सात दिनों के अंदर प्रदेश कार्यालय को रिपोर्ट सौंप दे।
dharmpath.com dharmpath