सतना, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में बुधवार सुबह देवी दर्शन करने जा रहे एक ही परिवार के छह लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
कोलगवां थाने के उपनिरीक्षक मोती लाल रावत ने आईएएनएस को बताया कि इलाके के निवासी एक परिवार के सदस्य सुबह लगभग पांच बजे पैदल मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी बतखरा मोड़ पर ट्रक ने सभी छह लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर है।
मृतकों के शव सड़क पर पड़े थे और पूजा सामग्री बिखरी पड़ी थी। हादसे की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। इस दौरान ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जबलपुर रेफर किया गया है।
dharmpath.com dharmpath