भोपाल, 12 फरवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में सरकारी योजनाओं का एक दिन में 12 लाख से ज्यादा लोगों को लाभान्वित किए जाने का रिकार्ड बनाने का सरकार ने दावा किया है। यह इतिहास नगर उदय अभियान के दौरान रचा गया।
राज्य की नगरीय प्रशासन मंत्री माया सिंह ने रविवार को बताया कि 25 दिसंबर से पांच फरवरी तक तीन चरण में नगर उदय अभियान चलाया गया, इसका समापन आठ फरवरी का किया गया। समापन मौके पर 12 लाख 68 हजार हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
उन्होंने बताया, “इस अभियान का उद्देश्य नगरीय निकायों द्वारा नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं के मूल्यांकन के साथ ही नगरीय क्षेत्रों के लिए शासन की योजनाओं के प्रत्येक पात्र हितग्राही का चिन्हांकन करना था और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना था।”
उन्होंने आगे बताया, “इस अभियान के दौरान नगरों के सर्वागीण विकास के लिए सभी पहलुओं पर काम शुरू किया गया। शहरी गरीबों की आजीविका के लिए समावेशी विकास, शहरी पेयजल, शहरी स्वच्छता तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शहरी सीवेज, हरित क्षेत्र की स्थापना की पहल की गई। साथ ही सड़क तथा अधोसंरचना विकास, शहरी गरीबों को आवास, शहरी यातायात, अग्निशमन सेवा, ई तथा मोबाइल गवर्नेस, वित्तीय एवं प्रशासनिक शहरी सुधार, स्मार्ट सिटी, कौशल विकास शिक्षा और नागरिकों को मालिकाना हक प्रदान करने के लिए कानूनों में संशोधन करने की प्रक्रिया शुरू की गई।”
dharmpath.com dharmpath