मप्र सरकार किसानों के लिए 3 हजार करोड़ रुपये कर्ज लेगी : शिवराज

भोपाल, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को रेडियो के जरिए किसानों से सीधे बात करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार उन्हें सूखा के कारण आए इस संकट से उबारने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार तीन हजार करोड़ रुपये कर्ज लेने के लिए विधानसभा में प्रस्ताव पारित कराएगी।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान देश के तीसरे ऐसे नेता बन गए हैं, जिन्होंने रेडियो के जरिए लोगों से सीधे बात की।

राज्य के आकाशवाणी के सभी केंद्रों से प्रसारित ‘मुख्यमंत्री की बात किसानों के साथ’ कार्यक्रम के जरिए चौहान ने किसानों से कहा कि सूखा से फसलों को हुए नुकसान से हारने की जरूरत नहीं है, सरकार उनके साथ खड़ी है। इस संकट से उन्हें उबारा जाएगा।

चौहान ने किसानों को बताया कि अभी 700 करोड़ रुपये किसानों को बांटे जा रहे हैं, जरूरत तीन हजार करोड़ रुपये की है, इसके लिए राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जा रहा है, जिसके जरिए तीन हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने के प्रस्ताव को पारित किया जाएगा। विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र नवम्बर के प्रथम सप्ताह में होगा।

चौहान ने किसानों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि किसानों से कर्ज की वसूली स्थगित कर दी गई है, कर्ज का ब्याज सरकार भरेगी, उन्हें एक रुपये के मान से गेहूं और चावल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा रोजगार उपलब्ध कराए जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493