भोपाल, 24 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में मानसून का असर दिखने लगा है। मंगलवार को हुई बारिश की वजह से बुधवार सुबह राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान सामान्य से भारी बारिश होने की आशंका जताई है।
राज्य में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिसने गर्मी से राहत दिलाई है। बीते 24 घंटों के दौरान इंदौर, जबलपुर, भोपाल, उज्जैन, सागर संभागों के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान इंदौर, शहडोल, जबलपुर, भोपाल, उज्जैन व होशंगाबाद संभागों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। अलिराजपुर, बडवानी, खरगोन, धार, झाबुआ, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने से उमस कम हुई है। राजधानी भोपाल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री, इंदौर में 22.6 डिग्री, ग्वालियर में 26 डिग्री और जबलपुर में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री, इंदौर में 31 डिग्री, ग्वालियर में 42.4 डिग्री और जबलपुर में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath