कटनी, 1 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले से लगभग 10 वर्ष पूर्व चोरी हुई दो मूर्तियां अमेरिका में मिली हैं। यह मूर्तियां ऐतिहासिक महत्व की कल्चुरीकालीन है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपूत ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि उनके पास पुलिस मुख्यालय के जरिए अमेरिकी दूतावास से विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के कालीतराई के संग्रहालय से वर्ष 2006 में चोरी हुई मूर्तियों के अमेरिका में मिलने की सूचना आई है। इस पर अमेरिकी दूतावास द्वारा चाही गई जानकारी का ब्योरा भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 2006 में कारातलाई के संग्रहालय से नौ मूर्तियां चोरी हुईं थी, इस मामले में एक आरोपी तो पकड़ लिया गया था, मगर दूसरा अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। बीते रोज ही उन्हें पुलिस मुख्यालय से चोरी गई मूर्तियां अमेरिका में मिलने की जानकारी मिली है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कारातलाई संग्रहालय से जो मूर्तियां चोरी हुई थी वह कल्चुरीकालीन थी। इनमें भगवान विष्णु और नटराज आकृति की मूर्तियां भी शामिल थी। अमेरिका में भगवान विष्णु और नटराज आकृति की मूर्तियां मिली हैं। अमेरिका में बरामद मूर्तियां की तस्वीरों से कटनी में उपलब्ध तस्वीरों से मिलान भी किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath