अशोकनगर, 24 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में वन विभाग के अमले ने तीन हिरणों के शव के साथ पांच शिकारियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वन मंडलाधिकारी वासु कनौजिया ने रविवार को संवददाताओं को बताया, “शनिवार देर रात ईसागढ़ के शीतलगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में कुछ लोगों के हिरण का शिकार कर शवों को ले जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर वन विभाग के अमले द्वारा दबिश दी गई, जिसमें पांच लोगों को औजार सहित गिरफ्तार किया गया है।”
कनौजिया ने आगे बताया कि आरोपियों द्वारा शिकार किए गए हिरणों को ले जाने में उपयोग की जा रही एक जीप व मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
वन मंडलाधिकारी के मुताबिक, आरोपियों ने वन विभाग के अधिकारियों को सफाई देते हुए बताया कि उनके पास से बरामद किए गए हिरणों का शिकार उन्होंने नहीं, बल्कि किसी और ने किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि इन हिरणों का गोश्त एक शादी समारोह में बारातियों को परोसा जाना था।
dharmpath.com dharmpath