भोपाल, 25 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में बीते एक वर्ष में 13 लाख से ज्यादा मतदाताओं की संख्या में इजाफा हुआ है। यह जानकारी बुधवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर यहां आयोजित समारोह में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने दी।
सलीना सिंह ने कहा, “इस वर्ष का मतदाता दिवस ‘युवा एवं भावी मतदाताओं का सशक्तीकरण’ की थीम पर है। प्रदेश की 8.10 करोड़ जनसंख्या में से 4.99 करोड़ नागरिक मतदाता के रूप में दर्ज हैं। बीते वर्ष में 13.15 लाख वोटर को जोड़ा गया है। साथ ही 45 जिलों में दर्ज होने वाले नए मतदाताओं में महिलाओं की संख्या अधिक है।”
उन्होंने बताया कि मतदाता केंद्रों पर ब्रेल लिपि में डमी मतपत्र उपलब्ध करवाने और दिव्यांग सहायता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस समारोह में राज्य के मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। साथ ही निर्वाचन तथा मतदाता परिचय-पत्र बनाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इस मौके पर भोपाल के संभागायुक्त अजातशत्रु श्रीवास्तव ने भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. नसीम जैदी के संदेश का वाचन किया। अभिनेता आलोक वर्मा ने कहा कि मतदान प्रक्रिया में सबकी सहभागिता लोकतंत्र को सशक्त करती है, इसलिए पंजीकरण और मतदान अवश्य करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं तथा युवा मतदाताओं ने भाग लिया।
dharmpath.com dharmpath