जबलपुर, 1 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में पुलिस के विशेष संगठन लोकायुक्त के दल ने बुधवार को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग के सहायक संचालक के. के. अवस्थी को एक महिला हितग्राही से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
जबलपुर के पुलिस अधीक्षक पी. वी. शुक्ला ने आईएएनएस को बताया, “महिला हितग्राही दीप्ति ने कपड़ा दुकान के लिए पांच लाख रुपये का कर्ज लिया था। इस कर्ज पर उसे डेढ़ लाख रुपये बतौर सब्सिडी मिलनी थी। इस राशि को जारी करने के एवज में सहायक संचालक अवस्थी उससे 50 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे।”
शुक्ला के अनुसार, हितग्राही महिला की शिकायत पर बुधवार को लोकायुक्त के दल ने अवस्थी को बाजार में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई और बाद में उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
dharmpath.com dharmpath