भोपाल, 8 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को ऐलान किया कि मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना का लाभ इस वर्ष चिह्न्ति शैक्षणिक संस्थाओं में प्रवेश लेने वाले उन विद्यार्थियों को भी मिलेगा, जिन्होंने 12वीं की परीक्षा पूर्व के वर्षो में 75 प्रतिशत से अधिक अंकों से उत्तीर्ण की है।
मुख्यमंत्री चौहान ने यहां शुक्रवार को बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के ज्ञान-विज्ञान भवन में इंडिया टुडे द्वारा आयोजित ‘इंडिया माइंड रक यूथ समिट’ में युवाओं का आह्वान किया कि असाधारण, सफल और सार्थक जीवन को लक्ष्य बनाएं। रोडमैप तैयार करें। कठोर परिश्रम करें। ऊंचा सोचें। व्यक्ति जैसा सोचता है, वैसा ही बन जाता है। युवा ठान ले तो कुछ भी असंभव नहीं है।
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के तहत उन छात्रों को लाभ मिलता है, जिन्होंने 12वीं की परीक्षा में 75 फीसदी से अधिक अंक लाए हैं। प्रमुख संस्थानों में दाखिला लेने पर फीस का खर्च सरकार उठाती है।
उन्होंने युवाओं को सलाह देते हुए कहा कि अंधानुकरण उचित नहीं है। प्रदेश में युवाओं के लिए अनंत संभावनाएं हैं। नए निवेश से रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। स्व-रोजगार के भी भरपूर अवसर हैं। खाद्य प्र-संस्करण इकाइयां पंचायतवार लगाई जा सकती हैं।
चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का न्यू इंडिया युवा बनाएंगे। उनके नवाचारों, उद्यमिता प्रयासों को सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। युवाओं का आह्वान किया कि वे रचनात्मक कार्यो से जुड़ें। पौधरोपण, नदी जल संरक्षण, पर्यावरण चेतना, शिक्षा की गुणवत्ता आदि का कोई भी एक कार्य अवश्य करें।
इंडिया टुडे के ग्रुप एडीटोरियल एडीटर राज चेंगप्पा ने आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि देश में तेजी से प्रगति करने वाला मध्यप्रदेश राज्य है। वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के कुलाधिपति विश्वनाथन ने मध्यप्रदेश को उत्तर भारत में सर्वश्रेष्ठ शहर, राज्य और मुख्यमंत्री वाला प्रदेश बताया।
dharmpath.com dharmpath