ममता का लोगों से भाजपा में शामिल न होने का आग्रह

कूच बिहार (पश्चिम बंगाल), 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा को दंगा और ध्रुवीकरण का समर्थन करने वाली पार्टी बताते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को लोगों से किसी भी कीमत पर भाजपा में शामिल नहीं होने का आग्रह किया।

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में एक जनसभा के दौरान ममता ने कहा, “मेरा हर किसी से अनुरोध है आप जो भी करें पर भाजपा में शामिल नहीं हो। यह राजनीतिक पार्टी लोगों में ध्रुवीकरण, दंगा और हिंसा भड़काती है और लोगों को आपस में लड़ाती है।”

भाजपा पर हिंदू धर्म को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग जो स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस के आदर्शो में विश्वास करते हैं, वे भाजपा द्वारा बढ़ाए जा रहे हिंदुत्व के ब्रांड को स्वीकार नहीं करेंगे।

ममता ने कहा, “वे हिंदू नहीं हैं। उन्होंने हिंदुत्व के नाम पर हिंदू धर्म को बदनाम किया है। हम रामकृष्ण परमहंस और विवेकानंद में विश्वास करते हैं, जो धार्मिक सहिष्णुता की बात करते हैं, भाजपा के हिंदुत्व में नहीं, जो लोगों को ध्रुवीकरण सिखाता है और एक दूसरे में दंगा करवाता है।”

ममता ने सभा में मौजूद अनुसूचित जाति और गैर-बंगाली लोगों से आग्रह किया कि वे भगवा पार्टी के पक्ष में नहीं जाएं। उन्होंने कहा कि जो भी भाजपा में शामिल हुए हैं, बाद में उन्हें अपने फैसले पर पछतावा हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493