ममता, नवीन चिट फंड घोटाले के ‘गुनहगार’ : जुआल ओरम

भुवनेश्वर, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुआल ओरम ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक में ‘अपवित्र गठजोड़’ है। ओराम ने दोनों को करोड़ों रुपये के चिट फंड घोटाले का ‘गुनहगार’ बताया।

ओरम का यह बयान मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के ओडिशा दौरे से पहले आया है।

ओरम ने कहा, “नवीन पटनायक और ममता बनर्जी अपने नेताओं के चिट फंड घोटालों में गिरफ्तार होने पर समान रूप से दुखी हैं। इसलिए वे अपना दुख साझा करने के लिए दोबारा मिल रहे हैं। शायद दोनों एक गठबंधन में शामिल हों।”

मंत्री ने कहा कि एक-दूसरे को सांत्वना देने के लिए और भारतीय जनता पार्टी का विरोध करने के तरीके और रास्ते विकसित करने के लिए वे मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उनके चिट फंट के दागी नेता या तो जेल में हैं या जमानत पर हैं। उनके नेता, सिने कलाकार और पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोगों को धोखा दिया है। उन्हें उनके गुनाह के लिए सजा दी जानी चाहिए।

राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का मुकाबला करने के लिए संभावित गठबंधन के लिए दोनों नेताओं की मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए ओरम ने कहा, “सैकड़ों लंगड़े लोग एक मजबूत लड़ाके का मुकाबला नहीं कर सकते।”

हाल ही में दोनों मुख्यमंत्रियों की नई दिल्ली में मुलाकात हुई थी। बनर्जी की ओडिशा यात्रा के दौरान पटनायक से मिलने की संभावना है।

हालांकि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को कहा कि अब तक उनकी पश्चिम बंगाल की समकक्ष से मिलने की कोई योजना नहीं है।

बार-बार मुलाकातों पर भाजपा द्वारा अपवित्र गठजोड़ का आरोप लगाए जाने पर पटनायक ने कहा, “यह पूरी तरह से गलत और निराधार है।”

ममता बनर्जी मंगलवार शाम ओडिशा पहुंच गईं। वह बुधवार सुबह भगवान जगन्नाथ के दर्शन को जाएंगी। वह पार्टी के गिरफ्तार सांसद से अस्पताल में मुलाकात करेंगी।

सूत्रों ने कहा कि तृणमूल सांसद सुदीप बंदोपाध्याय और तापस पाल अस्पताल में हैं। इन्हें केंद्रीय जांच ब्यूरो ने रोजवैली चिट फंड घोटाले से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493