ममता ने अमेरिका में भारतीयों की हत्याओं पर सुषमा को पत्र लिखा

कोलकाता, 6 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को हाल में अमेरिका में युवा भारतीयों पर हमलों और दुर्भाग्यपूर्ण मौतों को लेकर पत्र लिखा।

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने सुषमा स्वराज से मामले को सर्वोच्च अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष उठाने का आग्रह किया, जिससे कि इन मामलों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

तृणमूल ने इस मामले को लेकर बंगाल विधानसभा के सामने प्रदर्शन भी किया। मामले को लेकर तृणमूल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्पष्टीकरण और केंद्र से हत्याओं पर प्रतिक्रिया की मांग की।

ममता बनर्जी ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, “आज (सोमवार) मैंने हाल में अमेरिका में युवा भारतीयों पर हुए हमलों और दुर्भाग्यपूर्ण मौतों को लेकर एक पत्र लिखा। यह वास्तव में एक बड़ी चिंता का विषय है और जिन परिवारों पर यह मुसीबतें आई हैं, उसे बयान कर पाना मेरे लिए आसान नहीं है।”

ममता ने अमेरिका में दो भारतीयों की हत्या की रविवार को निंदा की थी। उन्होंने भारत को मामले को अमेरिका के समक्ष उठाने का आग्रह किया था।

उन्होंने कहा, “चूंकि अमेरिका में अध्ययनरत, कार्य कर रहे व रहने वाले भारतीयों की संख्या बहुत ज्यादा है, ऐसे में इस तरह के मामले भारत में रहने वाले उनके परिवार के सदस्यों के बीच दहशत पैदा कर रहे हैं। मैंने केंद्रीय मंत्री से मामले को सर्वोच्च स्तर पर उठाने का आग्रह किया है, जिससे कि इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति नहीं हो व अमेरिका में रह रहे भारतीय सुरक्षित और चिंतामुक्त अनुभव कर सकें।”

भारतीय मूल के व्यापारी हरनीश पटेल की बीते गुरुवार की रात दक्षिण कैरोलिना में लैंकस्टर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

यह घटना भारतीय इंजीनियर श्रीनिवास कुचिभोटला की 22 फरवरी को कंसास के एक बार में गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493