ममता बनर्जी ने क्रिकेट खिलाड़ी की मौत पर दुख जताया

कोलकाता, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को बंगाल के पूर्व अंडर-19 क्रिकेट कप्तान अंकित केसरी के निधन पर शोक जताया है। एक स्थानीय मैच में क्षेत्ररक्षण करने के दौरान गंभीर रूप से जख्मी हुए अंकित की सोमवार तड़के एक निजी नर्सिग होम में मौत हो गई।

बनर्जी ने सोशल साइट ट्विटर के जरिए अपना दुख जताते हुए लिखा, “युवा क्रिकेट खिलाड़ी अंकित की मौत स्तब्ध करने वाली एक दुखद घटना है। उन्हें मेरी श्रद्धांजलि।”

बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के कोषाध्यक्ष विश्वरूप डे के अनुसार ईस्ट बंगाल टीम के 20 वर्षीय खिलाड़ी अंकित को शुक्रवार को भवानीपुर के खिलाफ एक मैच के दौरान क्षेत्ररक्षण के दौरान चोट लगी थी।

चोट लगने के तत्काल बाद अंकित बेहोश हो गए। उन्हें साथी खिलाड़ी शिवसागर सिंह ने सांस देकर होश में लाने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें तत्काल नजदीक के एक अस्पताल में ले जाया गया। यह मैच जाधवपुर विश्वविद्यालय स्टेडियम में खेला जा रहा था।

सीएबी के एक अधिकारी के अनुसार सलामी बल्लेबाज के तौर खेलने वाले अंकित इस साल अंडर-23 बंगाल टीम के लिए भी चुने गए थे।

दूसरी ओर, अंकित के पिता राज कुमार केसरी के अनुसार सीएबी के अधिकारियों के निर्देश के बाद उनके पुत्र को मध्य कोलकाता में स्थित एक दूसरे नर्सिग होम में भेजा जाना था।

अंकित के पिता ने एक टीवी चैनल को बताया, “शुक्रवार को शुरुआती जांच के बाद हमें बताया गया था मेरे पुत्र की हालत स्थिर है और जल्द ही उसे आईसीयू से जेनरल वार्ड में भेज दिया जाएगा।”

अंकित के पिता के अनुसार, “बाद में हमें बताया गया कि उन्हें बुखार है। इसलिए उन्हें जेनरल वार्ड में नहीं भेजा गया। सीएबी के अधिरारियों की सलाह के बाद हम उन्हें दूसरे अस्पताल में ले कर गए। वहां भी हमें यह बताया गया कि यह चोट मामूली है और वह केवल तीन से चार दिन तक अस्पताल में रहेगा। इसके बाद सोमवार सुबह मुझे फोन पर दिल का दौरा पड़ने से मेरे बेटे के मौत की खबर मुझे दी गई।”

राज कुमार ने चिकित्सा में भी लापारवाही का आरोप लगाया और कहा, “अगर अच्छा इलाज मिलता तो मेरे बेटे को बचाया जा सकता था। वह अच्छा खेल रहा था और उसमें कोई बुरी आदत भी नहीं थी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493