कोच्ची, 25 नवंबर (आईएएनएस)। सुपरस्टर ममूटी, मोहनलाल एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स (एएमएमए) की 60 सदस्यीय टीम के साथ सात दिसंबर को अबू धाबी में परफॉर्म करेंगे।
केरल के मुख्यमंत्री के आपदा राहत कोष (सीएमडीआरएफ) के लिए धनराशि जुटाने के लिए यह फंड इकट्ठा किया जाएगा।
मोहनलाल की अगुआई में एएमएमए की कार्यकारी बैठक शनिवार को आयोजित की गई, जिसमें शो की जानकारी को अंतिम रूप दिया गया।
चरित्र कलाकार और एएमएमए के कोषाध्यक्ष जगदीश ने आईएएनएस को बताया कि हमारी टीम 5 दिसंबर को अबू धाबी के लिए रवाना होगी।
जगदीश ने कहा, “यह शो टी.के राजीव कुमार द्वारा निर्देशित है। इसकी रिहर्सल 28 नवंबर से एक सप्ताह तक होगी। कार्यक्रम की अवधि करीब पांच घंटे होगी और यह शाम से शुरू हो रही है।”
ममूटी, मोहनलाल के अलावा अन्य कलाकारों में मंजू वारियर, निविन पॉली, दुलकेर सलमान, इनोसेंट, पृथ्वीराज जैसे कलाकार हैं।
केरल में मई के अंत से शुरू हुई बाढ़ में लगभग 480 लोग मारे गए थे। राज्य के 14.50 लाख लोगों को 3,000 से अधिक शिविरों में रहने को मजबूर होना पड़ा।
त्रासदी के तुरंत बाद मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सभी मलयाली लोगों से मुख्यमंत्री के आपदा राहत कोष में एक महीने का वेतन दान करने का आग्रह किया था।
dharmpath.com dharmpath