महबूबा ने अनंतनाग के मतदाताओं से निर्णायक जनादेश मांगा

श्रीनगर, 18 जून (आईएएनएस)। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर अपने अभियान को तेज करते हुए जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को मतदाताओं से निर्णायक जनादेश देने की अपील की।

राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री ने राज्य को राजनीतिक और आर्थिक अनिश्चितता के दलदल से निकालने के लिए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के संकल्प को दोहराया।

महबूबा ने अनंतनाग में लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “हम वहीं से राजनीतिक सुलह की प्रक्रिया की शुरुआत कर रहे हैं, जहां हमने 2005 में छोड़ा था.”

उन्होंने कहा कि राज्य की जनता पहले से कहीं अधिक राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर राजनेताओं के खड़े होने की उम्मीद करती है, “वे नेतृत्व चाहते हैं, वे प्रतिबद्धता चाहते हैं, वे जबावदेही चाहते हैं..”

उन्होंने कहा, “अगर आप बदलाव चाहते हैं, केवल सरकार बदलना नहीं, तो पीडीपी ही एकमात्र विकल्प है।”

56 वर्षीय महबूबा ने कहा कि उनकी सरकार का जोर कौशल विकास, कृषि, बागवानी, हस्तशिल्प और पर्यटन विकास पर है, जिस पर राज्य की अर्थव्यवस्था निर्भर करती है।

उन्होंने कहा, “कई संस्थाएं और प्रमुख औद्योगिक घराने राज्य की अवसंरचानाओं के निर्माण में जुटे हैं। राज्य की प्रगति के लिए अवसंरचनाओं का निर्माण बेहद जरूरी है।” उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी, पर्यटन और हस्तशिल्प के क्षेत्र में अवसंरचनाओं के निर्माण से न सिर्फ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि उनकी उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की समस्या खासतौर से पढ़े-लिखे युवाओं में गंभीर चिंता की बात है और इसके त्वरित समाधान की जरूरत है।

आनेवाले चुनाव में लोगों से सर्मथन की गुजारिश करते हुए महबूबा ने कहा, “मैं आपका मत और समर्थन हासिल करने आई हूं, ताकि मेरे पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद के मिशन को आगे बढ़ाया जा सके, जो उनकी दुखद निधन की वजह से पूरा नहीं हो पाया है।”

उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि अनंतनाग के लोग एक बार फिर उनकी पार्टी पर भरोसा जाहिर करेंगे और उन्हें अपने प्रतिनिधि के रूप में चुनेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493