जम्मू, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को उस गांव के 126 परिवारों से मुलाकात की, जो शनिवार रात आग लगने से लगभग तबाह हो गया था।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने पहाड़ी जिला किश्तवाड़ के वरवान इलाके में स्थित सुखनाई गांव के पीड़ितों के पुवर्वास तथा कल्याण के लिए कई राहत उपायों की घोषणा की। यह गांव यहां से 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
गांव में शनिवार रात लगी आग से लगभग 126 परिवार प्रभावित हुए हैं। अग्निकांड में 80 रिहायशी मकान व इतनी ही संख्या में गोशाला व दुकानें, एक स्कूल, एक मस्जिद तथा कुछ सरकारी इमारतों सहित कई इमारतें आग की भेंट चढ़ गईं। भीषण अग्निकांड में 400 से अधिक मवेशियों तथा भेड़ों की मौत हो गई।
अपने दौरे के दौरान, मुख्यमंत्री ने प्रभावित ग्रामीणों को सरकार से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने छह महीनों तक प्रत्येक परिवार को मुफ्त राशन, मकान के पुनर्निर्माण के लिए प्रत्येक परिवार को 75 हजार रुपये तथा जाड़े के महीनों में रहने के लिए तीन महीने का किराया सहित कई उपायों की घोषणा की।
दौरे के दौरान, मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों को धुआंरहित स्टोव तथा सौर लालटेन देने का निर्देश दिया।
dharmpath.com dharmpath