जम्मू, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को जम्मू एवं कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली। वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन सरकार के 22 सदस्यीय मंत्रिमंडल का नेतृत्व करेंगी।
महबूबा (56) को राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने यहां राजभवन में पद की शपथ दिलाई। राज्य में आठ जनवरी को राज्यपाल शासन लगने के लगभग तीन महीने बाद उनके मंत्रिमंडल ने शपथ ग्रहण की है।
नई सरकार में पीडीपी के नौ कैबिनेट मंत्री और तीन राज्य मंत्री हैं और भाजपा के आठ कैबिनेट मंत्री और दो राज्यमंत्री हैं।
भाजपा नेता निर्मल सिंह नई सरकार में भी उपमुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगे।
संवैधानिक रूप से जम्मू एवं कश्मीर मंत्रिपरिषद में 25 से ज्यादा सदस्य नहीं हो सकते।
इससे पहले, महबूबा जम्मू में मुख्यमंत्री, मंत्रियों और शीर्ष नौकराशाहों के कार्यालयों वाले सिविल सचिवालय पहुंचीं।
वहां, उन्हें पुलिस महानिदेशक के. राजेंद्र कुमार की मौजूदगी में राज्य के सशस्त्र पुलिसबल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
संभावना है कि महबूबा की अध्यक्षता में जल्द ही कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई जाएगी।
सात जनवरी को मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के इंतकाल के बाद तीन महीने से राज्य में राज्यपाल शासन लागू था और राजनीतिक अनिश्चितता की स्थिति थी।
पीडीपी ने अपने दो पूर्व कैबिनेट मंत्रियों अल्ताफ बुखारी और जावेद मुस्तफा मीर को नए मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी है और तीन बार विधायक रहे जहूर मीर को मंत्रिमंडल में शामिल किया है।
वहीं, भाजपा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी सुखनंदन के स्थान पर श्याम लाल चौधरी को मंत्रिमंडल में शामिल किया है। भाजपा ने अपने राज्यमंत्री पवन गुप्ता को भी हटा दिया है।
रियासी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अजय आनंद ने राज्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली है।
कैबिनेट में पीपुल्स कांफ्रेंस के नेता सज्जाद लोन भी शामिल हैं।
महबूबा राज्य की 13वीं मुख्यमंत्री बन गई हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में संसदीय मामलों के मंत्री एम. वेंकैया नायडू, राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह और भाजपा महासचिव राम माधव मौजूद रहे। इनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला भी शामिल हुए।
dharmpath.com dharmpath