नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। उद्योग जगत ने बिहार में जनता दल (युनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) व कांग्रेस के महागठबंधन की जीत की रविवार को प्रशंसा की।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने महागठबंधन को बधाई देते हुए कहा कि यह स्पष्ट है कि बिहार में नई सरकार बिहार का विकास जारी रखेगी।
सीआईआई अध्यक्ष सुमित मजूमदार ने यहां एक बयान में कहा, “आगामी सरकार को हमारी बहुत-बहुत शुभकामनाएं और मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि नई सरकार बिहार के लोगों का नेतृत्व करते हुए औद्योगिक विकास, आर्थिक विकास व समृद्धि के माध्यम से बिहार की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगी।”
सीआईआई के पूर्वी क्षेत्र के अध्यक्ष ए.के.वर्मा ने कहा, “बिहार सरकार ने राज्य में व्यापार को आसान बनाने के लिए एलकेवाई स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी, सिंगापुर तथा सीआईआई के साथ एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर कर रखा है।”
एसोचैम ने भी बिहार में महागठबंधन की ऐतिहासिक जीत के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी।
एसोचैम के महासचिव डी.एस.रावत ने एक बयान में कहा, “राज्य सरकार के साथ काम करते हुए एसोचैम ने पाया कि नीतीश कुमार हार्दिक रूप से उस शासन पर केंद्रित हैं, जो आम आदमी को छूता है। चाहे वे महिलाएं हों, या बच्चे या समाज का सबसे निचला तबका। सामाजिक सूचकों पर उनके जोर ने लोगों का विश्वास पुन: जीतने में उनकी मदद की।”
dharmpath.com dharmpath