भोपाल, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित गांधी आश्रम में बुधवार को कस्तूरबा गांधी की 149वीं जयंती श्रद्घा और सद्भावना के साथ मनाई गई। इस मौके पर महात्मा गांधी के साथ आजादी की लड़ाई में कस्तूरबा के संघर्ष को भी याद किया गया।
मध्य प्रदेश सवरेदय मंडल द्वारा आयोजित कस्तूरबा गांधी (बा) की जयंती के कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अनुराधा शंकर सिंह ने कस्तूरबा के जीवन से जुड़े अनेक प्रसंगों का जिक्र किया और उनके संघर्ष की कहानी सुनाई।
इस मौके पर गांधी भवन के अध्यक्ष दयाराम नामदेव ने कहा, “व्यक्ति अपने आचरण से महान बनता है। बा का करम, व्यक्तित्व व आचरण उन्हें महान व्यक्ति की श्रेणी मे खड़ा करता है, वह हमारी आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत हो सकती हैं।”
एकता परिषद् की कर्नाटक इकाई की सुधा बहन ने इस आयोजन को नई शुरुआत बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य स्थानों पर गांधी भवन की तरह कार्यक्रम आयोजित हों तो लोग कस्तूरबा गांधी को जान सकेंगे।
कार्यक्रम मे अंश हैप्पीनेस सोसाइटी के युवाओं ने ‘एक यात्रा बा के घर की’ नाटक प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एकता महिला मंच की वेबसाइट की औपचारिक शुरुआत भी की गई।
dharmpath.com dharmpath