पणजी, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। पुलिस ने महाराष्ट्र की 20 साल की युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप में गोवा के दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बुधवार को बताया कि महाराष्ट्र के रायगढ़ की रहने वाली युवती अपने एक मित्र के साथ गोवा आई थी और 25 साल के हनीफ मोहम्मद नाम के आदमी के साथ छुट्टियां मना रही थी।
अंजुना पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पणजी से 15 किलोमीटर दूर स्थित करासवाडो के रहने वाले हनीफ ने शनिवार को मादक पदार्थो के कथित विक्रेता नाना सावलो से मादक पदार्थ लेकर उसे अंजुना के एक नाइट क्लब में महिला के ड्रिंक में मिला दिया। जब वह अर्ध अचेत अवस्था में पहुंच गई तो उसके साथ दुष्कर्म किया।
चिकित्सकीय परीक्षण में युवती के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। प्राथमिकी में कहा गया है, “रविवार को युवती के मुंह से झाग निकलने पर आरोपी उसे मापुसा के जिला अस्पताल ले गया। शुरू में लगा कि यह अधिक मात्रा में मादक पदार्थ लेने का मामला है लेकिन परीक्षण में पता चला कि युवती के साथ दुष्कर्म किया गया है।”
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में हनीफ ने बताया कि दुष्कर्म की घटना को उसने मोबाइल में रिकार्ड कर लिया था।
हनीफ पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। सावलो पर मादक पदार्थ रोधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवती के घरवाले उसके पास पहुंच चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath