परभणी-महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यशवाड़ी देवस्थान स्थित हनुमान मंदिर के सामने बन रहे निर्माणाधीन सभामंडप की छत अचानक ढह गई। हादसे के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। मलबे में दबने से 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 25 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के सामने नए सभामंडप का निर्माण कार्य चल रहा था। दोपहर के समय श्रद्धालु दर्शन पूजन के बाद प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। तभी निर्माणाधीन ढांचे का सेंट्रिंग स्ट्रक्चर अचानक टूट गया। इसके साथ ही छत और पत्थरों का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। जिससे वहां मौजूद लोग मलबे के नीचे दब गए।
इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोपहर करीब 3 बजे श्रद्धालु प्रसाद लेने के लिए कतार में खड़े थे। तभी बांस और लोहे की रॉड से तैयार किया गया सेंट्रिंग स्ट्रक्चर अचानक ढह गया और देखते ही देखते पूरा हिस्सा गिर पड़ा। शनिवार होने के कारण मंदिर में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ थी। जिससे हादसे में प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ गई।
dharmpath.com dharmpath