महाराष्ट्र में 22 यात्रियों समेत 2 बसें लापता

रायगढ़(महाराष्ट्र), 3 अगस्त (आईएएनएस)। कोंकण क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के कारण मंगलवार देर रात सावित्री नदी पर बना एक पुल ढह गया, जिसके बाद महद शहर के पास दो बसें और कई अन्य वाहन लापता हैं।

यह पुल सात दशक से भी ज्यादा पुराना और मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी था। नदी में बाढ़ के पानी के उफान के कारण यह रात करीब एक बजे टूट गया।

रायगढ़ की कलेक्टर शीतल उगले ने बताया कि राज्य परिवहन की दो बसें लापता हैं और उनके चालकों या यात्रियों में से किसी से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। दोनों बसों में 11-11 यात्री सवार थे।

महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें महद डिपो पर अपने तय समय के अनुसार नहीं पहुंचीं, जिसके बाद उगले ने लोगों से अपने लापता रिश्तेदारों की खोज खबर के लिए संबंधित प्रशासनों से संपर्क में रहने की अपील की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब पांच से छह निजी वाहन भी लापता हैं। उन्होंने आशंका जताई कि वे वाहन बाढ़ के पानी में बह गए होंगे।

उगले ने कहा कि लापता वाहनों की खोजबीन के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

उगले ने कहा, “पुल का निर्माण ब्रिटिशकाल में किया गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन से चर्चा करने के बाद हमने यातायात को नजदीकी समानांतर पुल पर स्थानांतरित कर दिया है। हम अन्य वाहनों के लापता होने की खबरों की पुष्टि करने का प्रयास कर रहे हैं।”

पुनर्वास मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि लापता वाहनों की खोजबीन के लिए हेलीकॉप्टर्स और रक्षा बलों की मदद ली जा रही है।

इसी बीच राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 45 सदस्यीय टीम बचाव अभियान में सहायता करने के लिए पुणे से रायगढ़ पहुंच गई है।

तटीय कोंकण और उत्तरी तथा पश्चिमी महाराष्ट्र में पिछले पांच दिनों से लगातार बारिश जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493