मुंबई, 7 दिसंबर (आईएएनएस)। कुछ विपक्षी विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग की अटकलों के बीच सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार प्रसाद लाड ने महाराष्ट्र विधान परिषद का उपचुनाव गुरुवार को जीत लिया।
प्रसाद लाड को 288 सदस्यीय विधायिका में 209 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वी दिलीप माने को भारी मतों से हराया। माने को सिर्फ 73 वोट प्राप्त हुए।
ऊपरी सदन की यह सीट पूर्व कांग्रेसी व पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के इस्तीफे की वजह से रिक्त हुई थी। राणे ने महाराष्ट्र स्वाभिमान पार्टी बनाई है, जो सितंबर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की घटक बन गई है।
राणे को उम्मीद थी कि उनकी खाली सीट पर भाजपा उन्हें नामित करेगी, लेकिन भाजपा ने सहयोगी शिवसेना के दबाव की वजह से इस सीट पर लाड को उम्मीदवार बनाया। लाड हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं।
भाजपा के 122 विधायकों, शिवसेना के 63 व सात निर्दलीय के साथ सत्तारूढ़ पक्ष के विधायकों की संख्या 192 थी। शिवसेना के एक विधायक कपड़ा राज्यमंत्री अर्जुन खोटकर मतदान नहीं कर सके, क्योंकि उनके निर्वाचन को बंबई उच्च न्यायालय की औरंगाबाद पीठ ने रद्द कर दिया है। इस तरह सत्तारूढ़ दल में विधायकों की संख्या 191 रह गई है।
dharmpath.com dharmpath