महाराष्ट्र सरकार के आदेश ने 7 लाख बिहारियों का रोजगार छीना : जद (यू)

पटना, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार द्वारा केवल मराठी बोलने वालों को ऑटोरिक्शा चलाने का परमिट जारी करने के आदेश को लेकर बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि इस आदेश से महाराष्ट्र की भाजपा सरकार ने मुंबई में रह रहे सात लाख बिहारियों का रोजगार छीन लिया है।

जद (यू) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि यह देश के किसी भी हिस्से में किसी भी व्यक्ति द्वारा रोजगार हासिल करने के संवैधानिक व्यवस्था पर चोट है।

उन्होंने कहा, “एक ओर भाजपा अखंड भारत का नारा देती है और दूसरी ओर भेदभावमूलक भावना को उभारने का काम करती है। इस आदेश की निंदा होनी चाहिए। उन्होंने देशभर के लोगों से इसके खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की।”

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार का यह आदेश न सिर्फ देश के संघीय ढांचे पर आघात है, बल्कि झारखंड के बाद अब महाराष्ट्र में भी भाजपा का बिहार विरोधी चेहरा सामने आया है।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र सरकार ने आदेश जारी किया है कि एक नवंबर से मुंबई में सिर्फ मराठी बोलने वालों को ही ऑटोरिक्शा चलाने का परमिट मिलेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493