नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। देशभर में शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाई जा रही है। इस विशेष अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी सहित हर राज्य के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। शिव मंदिरों में ‘बम भोले’, ‘ओम नम: शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के बोल गूंजते रहे। इस दौरान शिव मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। देशभर में शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाई जा रही है। इस विशेष अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी सहित हर राज्य के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। शिव मंदिरों में ‘बम भोले’, ‘ओम नम: शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के बोल गूंजते रहे। इस दौरान शिव मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को दिल्ली के हर छोटे-बड़े मंदिरों और शिवालयों में भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में पूजा-अर्चना और आरती और भांग-धतूरे का भोग लगाने के बाद भक्तों में प्रसाद बांटा गया। कई जगह सांस्कृति कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मंदिरों में शिव श्रृंगार व महा आरती के बाद भक्तों के लिए कपाट खोल दिए, जिसके बाद से भक्तों का शुरू हुआ रेला देर शाम तक जारी रहा। राजधानी के बुद्धेश्वर मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, कोनेश्वर मंदिर और राजेंद्रनगर के महाकाल मंदिर समेत राजधानी के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में भक्तों करी भारी भीड़ रही। श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शनों और उन्हें जल चढ़ाने के लिए आतुर रहे।
वाराणसी के विश्वनाथ मंदिर में भक्तों ने भोलेनाथ को बेलपत्र, दूध चढ़ाया और अपने घर में सुख-समृद्धि आने की कामना की। बाबा की भस्म आरती में भक्तों का तांता लग गया। करीब 2 घंटे हुई आरती के दौरान मंदिर भक्ति से सराबोर हो रहा था।
मध्यप्रदेश के शिवालयों में सुबह से देर शाम तक पूजा-अर्चना और अनुष्ठानों का दौर जारी रहा। भोजपुर शिव मंदिर से लेकर महाकाल के दरबार और अन्य शिवालयों में अलस्सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। इसी तरह 12 ज्योतिर्लिगों में से एक उज्जैन के महाकाल के दरबार में गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगने लगीं। भस्मारती के बाद महाकाल के पट 44 घंटों के लिए खुल गए।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी में भी महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंडी में पर्व के मुख्य आयोजक उपायुक्त संदीप कदम ने आईएएनएस से कहा कि यहां सप्ताह भर चलने वाला शिवरात्रि मेला शनिवार से शुरू होगा। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे और राज्यपाल आचार्य देवव्रत आखिरी दिन दो मार्च को समारोह में शामिल होंगे।
बिहार में राजधानी पटना सहित पूरे राज्य के शिवालय फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी के दिन भक्तों के हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहे हैं। महाशिवरात्रि को लेकर मंदिरों में पूजन, जलाभिषेक, रूद्राभिषेक के लिए खास इंतजाम किए गए।
सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर, मिथिला क्षेत्र के मधेपुरा जिले में सिंहेश्वर मंदिर, मधुबनी जिले के कपिलेश्वर मंदिर, शिवनगर गांव स्थित गांडीवेश्वर मंदिर और लोहना स्थित विदेश्वर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सिमली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। कई शिवालयों और मंदिरों में अखंड कीर्तन, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक का अनुष्ठान किया गया। महाशिवरात्रि के मौके पर अशोक नगर में भी तांडव नृत्य के साथ शिवलीला पर नृत्य नाटिका हुई।
आचार्य जयकुमार पाठक के मुताबिक, “इस वर्ष महाशिवरात्रि विशेष संयोग लेकर आया है, जो सभी के लिए शुभ फल देने वाला है। महाशिवरात्रि पर्व इस बार सर्वार्थ सिद्धि योग भी इस दिन बना रहा है, जो सभी के लिए शुभ फलदायी है।”
झारखंड के देवघर स्थित रावणेश्वर बाबा धाम और वासुकीनाथ मंदिर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है।
ओड़िशा में भी महाशिवरात्रि का उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्यभर के मंदिरों में हजारों भक्त भगवान शिव के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। खासकर जगन्नाथ पुरी में विशेष आयोजन किए गए।
dharmpath.com dharmpath