मुंबई, 10 फरवरी (आईएएनएस)। एमटीवी का एक नया टीवी शो ‘एमटीवी गर्ल्स ऑन टॉप’ भारतीय समाज में महिलाओं से जुड़ी वर्जनाओं को तोड़ने की कोशिश करेगा।
शो सात मार्च से शुरू होगा और इसमें देश में महिलाओं से जुड़े मुद्दों और समस्याओं पर बात की जाएगी।
शो में नौकरी, प्यार और घरेलू मुद्दों से जूझती हुईं मुंबई में बसर करने की कोशिश करती तीन युवतियों की कहानी दिखाई जाएगी।
शो में दोस्ती, रिश्तों, करियर, आशाओं, सनक और कल्पनाओं के चश्मे से शहरी भारत में स्वतंत्र युवा महिलाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं का विश्लेषण किया जाएगा।
सलोनी चोपड़ा, बरखा सिंह और आयशा अदलखा इसमें तीन प्रमुख भूमिकाएं निभाएंगी।
वायकॉम 18 की कार्यकारी उपाध्यक्ष और यूथ एंड इंगिलश एंटरटेनमेंट की बिजनेस हेड फरजाद पालिया ने एक बयान में कहा, ” ‘एमटीवी गर्ल्स ऑन टॉप’ के साथ हम मुंबई में अपने ढंग से अपनी जिंदगी जीने की कोशिश करतीं तीन युवतियों की जिंदगी को करीब से देखेंगे। प्यार, काम और जिंदगी के इर्द-गिर्द उनके संघर्ष पर आधारित इस शो में दर्शकों को भारतीय महिलाओं के बदलते रूप से भी रूबरू कराया जाएगा।”
पालिया ने कहा, “यह शो उन सभी युवा महिलाओं की जिंदगी की कहानी है, जो समाज की वर्जनाओं को तोड़कर अपनी जिंदगी जीना चाहती हैं।”
dharmpath.com dharmpath